संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर विशेष प्रतियोगिता मेरा प्रिय गीता श्लोक आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के तहत प्रतिभागियों को अपने प्रिय गीता श्लोक के बारे में एक छोटा वीडियो तैयार करना है, जिसमें वह यह बताएंगे कि यह श्लोक उनके जीवन में किस प्रकार से प्रेरणा का स्रोत बना। ये वीडियो माई फेवरेट श्लोक इन गीता नामक यू-ट्यूब पर अपलोड किए जाएंगे जहां इन्हें लाखों दर्शक देख सकेंगे।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वीडियो की अधिकतम अवधि 40 सेकंड रखी गई है। प्रतिभागियों को वीडियो के साथ टाइटल, अपना नाम, फोन नंबर और पता भेजना होगा। सभी प्रविष्टियां 11 दिसंबर शाम पांच बजे तक स्वीकार की जाएंगी। वीडियो को ईमेल के माध्यम से shlokagitagmail.com पर भेजा जा सकता है। प्रतियोगिता में विजेता का चयन सबसे अधिक देखे जाने वाले वीडियो के आधार पर किया जाएगा। इस विजेता को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य भगवद् गीता के महान संदेश को विश्वभर में फैलाना और उन लोगों की कहानियों को उजागर करना है, जिन्होंने गीता के श्लोकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता उन लोगों के लिए एक शानदार अवसर है जो भगवद् गीता के श्लोकों से प्रेरित होकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का अनुभव कर चुके हैं। इस अनूठी पहल के माध्यम से प्रतिभागी न केवल अपने अनुभवों को साझा कर सकेंगे, बल्कि भगवद् गीता के शाश्वत ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने में भी योगदान देंगे। 9 से 11 दिसंबर तक सेक्टर-14 राजकीय महिला महाविद्यालय में जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।