रायपुररानी। रायपुररानी ब्लॉक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोडा में बुधवार को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर 100 योजना को लेकर ब्लॉक-स्तरीय सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक के 24 विद्यालयों ने भाग लिया। इसमें करीब 145 विद्यार्थी व 30 शिक्षक शामिल हुए। प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 8वीं और 10वीं के तीन–तीन विद्यार्थी तथा एक टीजीटी शिक्षक उपस्थित रहे। सेमिनार में विद्यार्थियों को दोनों योजनाओं की पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार, मिशन बुनियाद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है, जिसकी अंतिम तिथि 16 दिसंबर है व परीक्षा 24 दिसंबर को आयोजित होगी। वहीं, हरियाणा सुपर 100 के लिए अंतिम तिथि 9 फरवरी और परीक्षा 11 फरवरी को निर्धारित की गई है।