संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। पीर मुच्छला में रहने वाली 13 साल वर्षीय सेजल गुप्ता ने जयपुर में आयोजित हुई मिस टीन इंटरनेशनल इंडिया प्रतियोगिता का खिताब हासिल किया है। यह प्रतियोगिता छह से 13 अप्रैल तक आयोजित की गई। देशभर से पहुंची 35 प्रतिभागियों को पछाड़कर सेजल ने पहला स्थान हासिल किया। सोमवार शाम को पंचकूला पहुंचने के बाद उनका ढोल और फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया।
सेजल गुप्ता ने बताया कि काफी मेहनत के बाद उन्होंने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल की। खुद को फिट रखने के लिए हर रोज नृत्य का अभ्यास करती हैं। मॉडलिंग के साथ-साथ पढ़ाई को भी समय देना पड़ता है। सेजल गुप्ता ने बताया कि उनको आगे बढ़ने में उनकी मां हरसिमरन गुप्ता और पिता दीपक गुप्ता का पूरा सहयोग मिल रहा है। पिता व्यवसायी हैं और मां कपड़े की एक बड़ी कंपनी में नौकरी करती हैं।
मां का सपना पूरा करने का प्रयास
सेजल गुप्ता ने बताया कि उनकी मां हरसिमरन गुप्ता ने विश्व सुंदरी बनने का सपना देखा था। अब उनके सपने को पूरा करने के लिए वो मॉडलिंग कर रही हैं। सेजल ने कहा कि अभी शुरुआत है उनको अभी इस क्षेत्र में बहुत आगे तक जाना है।
सात फिल्मों में कर चुकी हैं काम
सेजल गुप्ता ने बताया कि वो अब तक सात फिल्मों में काम कर चुकी हैं। इनमें से एक अक्षय कुमार की मिशन मंगल भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में उन्होंने कीर्ति गुलाटी के बचपन का रोल किया है। हालांकि वह रोल छोटा ही था। उसके अलावा पेशावर सहित अन्य फिल्मों में उन्होंने काम किया है।