चंडीगढ़। लुधियाना जिले के खन्ना में शिवलिंग खंडित करने के मामले को पंजाब पुलिस द्वारा जल्द सुलझाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मंदिर कमेटी और कई हिंदू संगठनों के नुमाइंदों ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। इस दौरान सीएम मान ने बैठक में मौजूद हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों से यह दावा किया कि प्रदेश में गुरुद्वारों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी बेअदबी की घटना पर पुलिस को यह निर्देश दिए गए हैं कि केस दर्ज कर मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने में बिलकुल देरी नहीं की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता दीपक बाली ने कहा कि यह मामला जल्द सुलझने से पूरे हिंदू समाज का पंजाब सरकार के प्रति भरोसा बढ़ा है।
आप नेता नील गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार के लिए लिए हिंदू-मुस्लिम, सिख-इसाई सब बराबर हैं। पंजाब में नफरत की राजनीति नहीं होने देंगे। पंजाब सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। यहां के लोग ईद, दिवाली-होली और गुरुपर्व एक साथ मनाते है। यही पंजाब की खूबसूरती है। नील गर्ग ने कहा कि सरकार की तरफ से सख्त निर्देश हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। हिंदू संगठनों के समस्त नेताओं के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए महंत बंशी दास ने कहा कि हमें मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलकर उनसे स्पष्ट रूप से यह लगा कि वह धार्मिक निष्पक्षता के प्रति जैसी बातें अपने भाषणों में कहते हैं। असल में वह भी वैसे ही हैं।