पंचकूला। शिमला से पंचकूला सेक्टर-7 अपने घर आ रहा 20 वर्षीय युवक चार दिन से लापता है। युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर 7 पुलिस थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिनेश नंदा ने बताया कि उनका कपड़े का बिजनेस है। उनका इकलौता बेटा मोहित नंदा बीबीए फाइनल ईयर का छात्र है। 21 मार्च को शिमला में पुश्तैनी घर गया था। 23 मार्च की रात उसके साथ बात हुई थी कि वह 24 मार्च को वापस आ रहा है। 24 मार्च को वह शिमला में घर पर ही मोबाइल भूल गया और एक्टिवा से पंचकूला रवाना हो गया जो कि अभी तक नहीं पहुंचा। पुलिस ने ओल्ड पंचकूला की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो वह 24 मार्च की दोपहर 12.30 बजे ओल्ड पंचकूला से कमांड एरिया की ओर से एक्टिवा से आता हुआ दिखा था। यहां से बेलाविस्टा और गोल चक्कर से सेक्टर 6 के लिए मुड़ गया था।