पंचकूला। महिलाओं को बाइक पर निशाना बनाकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने आरोपी के कब्जे से एक खंजर बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियार तस्करी में भी शामिल है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 17 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने सेक्टर-15 मार्केट से आरोपी अमन, निवासी राजीव कॉलोनी सेक्टर-17 पंचकूला, को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि अमन ने अपने साथी कुलदीप उर्फ आशु के साथ मिलकर चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र में एक महिला से मोबाइल फोन और नकदी की स्नैचिंग की थी। इसके अलावा 4 दिसंबर को दोनों ने पंचकूला के सेक्टर-7 में एक महिला को चाकू दिखाकर उसकी सोने की चेन छीनी थी।
अमन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी कुलदीप उर्फ आशु, निवासी राजीव कॉलोनी सेक्टर-17 पंचकूला, को 19 दिसंबर को सेक्टर-17 क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक खंजर बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि अमन से बरामद अवैध देशी कट्टा और कारतूस कुलदीप ने ही उपलब्ध कराए थे।