संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। एसडीएम लक्षित सरीन ने लोकसभा आम चुनाव-2024 की तैयारियों को लेकर कालका के एसडीएम कार्यालय में पुलिस और सेक्टर अधिकारियों-सुपरवाइजरों के साथ बैठक की। इस अवसर पर कालका के एसएचओ हरि राम, नगर परिषद के एमई दर्शन लाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम ने बताया कि 01-कालका विधानसभा क्षेत्र को 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक-एक अधिकारी को सेक्टर सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। सेक्टर अधिकारी को जिस सेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है वह अपने सभी बूथों पर जाकर लाॅ एंड ऑर्डर की हिस्ट्री रिपोर्ट तैयार करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट को तैयार करने में सेक्टर अधिकारी के साथ पुलिस विभाग की तरफ से एसए (सिक्योरिटी असिस्टेंट) और बूथ का जानकार पुलिस अधिकारी/कर्मचारी टीम में शामिल रहेंगे। सेक्टर अधिकारी की ओर से दूसरी रिपोर्ट एएफएम भी तैयार की जानी है। यह रिपोर्ट बूथ पर मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाओं से संबंधित होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप होना चाहिए। जहां पर रैंप की व्यवस्था नहीं है, वहां पर रैंप तैयार करवाया जाए। इसके अलावा पीने के पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था की जाए। चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। एसडीएम लक्षित सरीन ने कहा कि चुनाव का कार्य बहुत ही संवेदनशील होता है, इसलिए संबंधित सभी अधिकारी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करें।