सोते हुए मकान मालिक का रात तीन बजे कमरे में धुआं भरने से घुटने लगा दम तो पता चला
मकान मालिक- परिवार को मारने की मंशा से लगाई आग, पड़ोसियों की छत से उतरकर बाहर निकले
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। बिटना रोड पर मंडी स्थान के नजदीक घाटीवाला काॅलोनी में वीरवार को तड़के तीन बजे अज्ञात लोगों ने एक मकान में ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। इस वारदात में मकान के अंदर खड़ी कार और स्कूटी पूरी तरह जल गई और आग इतनी भयानक थी कि मकान की दीवार पर लगी टाइलें उखड़कर नीचे गिर गईं। इससे मकान को भी काफी नुकसान हुआ है।
जिला अदालत में सेशन जज के रीडर पद से वीआरएस ले चुके मकान राजेश कुमार ने बताया कि वह वीरवार की रात अपने मकान में परिवार के चार सदस्यों के साथ सोया हुआ था कि तड़के करीब तीन बजे मकान में धुआं भरने से अचानक उनका दम घुटने लगा तो उसकी आंखें खुल गई। उन्होंने देखा कि कमरे में धुआं भरा है और बाहर आकर देखा तो उनकी कार और स्कूटी आग लगने से जल रही थी और ऊंची लपटें उठ रही थीं। आग इतनी भयंकर थी कि मदद की गुहार लगाने के बाद भी कोई पड़ोसी उनकी मदद के लिए मकान के अंदर नहीं पहुंच सका।
इससे घबराकर वह अपनी जान बचाने के लिए वे अपने परिवार सहित छत पर चले गए और साथ वाले घर की छत से होकर गली में पहुंचे। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची। लेकिन इससे पहले ही कार और स्कूटी जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी।
सीसीटीवी में कैद हुए दोपहिया वाहन पर आए दो युवक
मकान मालिक राजेश कुमार ने बताया कि उनके मकान के बाहर भारी संख्या में आसपास के लोग इकट्ठे हो गए थे। पहले सभी ने आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया। लेकिन जब आसपास की सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि उनके पूरे परिवार को जान से खत्म करने के इरादे से आग लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दो युवक दोपहिया वाहन पर घर के पास पहुंचे और घर के बाहर से दीवार के ऊपर से उन्होंने अंदर कोई ज्वलनशील पदार्थ बरामदे में फेंका और किसी चीज में आग लगाकर वह चीज बरामदे में फेंक दी थी। इससे ज्वलनशील पदार्थ ने आग पकड़ ली और बरामदे में खड़े दोनों वाहन जल गए। राजेश कुमार ने बताया कि इस आगजनी की वारदात को देखकर उन्हें अपने परिवार की जान को खतरे की चिंता सताने लगी है।
वहीं, मामले के पुलिस जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर नसीब सिंह ने बताया कि वह सीन ऑफ क्राइम टीम को साथ लेकर वारदात स्थल पर पहुंचे और जांच की। टीम ने वारदात से जुड़े कई नमूने एकत्रित कर लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं मकान के पास से दो खाली बोतल मिली हैं, इनसे पेट्रोल की बदबू आ रही थी और एक कपड़ा भी मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।