पंचकूला। एसडीएम चंद्रकांत कटारिया ने कालका के अशोक कुमार की सीवरेज व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए ईओ नगर निगम को जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पंचकूला एसडीएम चंद्रकांत कटारिया हरियाणा सरकार द्वारा निर्देशित लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिला के लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने जिला के 4 लोगों की समस्याएं सुनी व संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निवारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविर का आयोजन करने का निर्णय लिया है। ये समाधान शिविर प्रत्येक कार्य दिवस के 10 से 12 बजे उपायुक्त कार्यालय पर आयोजित किए जा रहे है। हरियाणा के मुख्यमंत्री समाधान शिविर से स्वयं जुड़ते हैं व उनकी कार्रवाई की मॉनिटरिंग करते हैं। उन्होंने लोगों से समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाने की अपील की। समाधान शिविर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, हरियाणा रोडवेज, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिंचाई, वन विभाग, मत्स्य विभाग, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।