पिंजौर में सूरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास पर वारदात दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। सूरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास पर खैर की लकड़ी से भरी संदिग्ध पिकअप को रोकना वन विभाग के दरोगा को भारी पड़ गया। लकड़ी तस्करी की सूचना पर पहुंचे वन दरोगा सचिन के साथ पिकअप चालक और उसके साथी ने हाथापाई की, मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने वनकर्मी की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिस्तौल तानकर चालक को भगाया
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर की सुबह वन दरोगा सचिन को बाईपास के एक ढाबे पर खैर की लकड़ी से लदी महिंद्रा पिकअप खड़ी मिली। जब उन्होंने चालक को रोका तो उसने ढाबे से अपने साथी को बुला लिया। आरोप है कि दोनों ने वनकर्मी से हाथापाई की। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर गोली चलाने की धमकी दी और चालक को गाड़ी लेकर भागने को कहा। इसके बाद चालक पिकअप समेत सुखोमाजरी की तरफ निकल गया।
पुराना तस्कर है आरोपी
वनकर्मी ने हिम्मत दिखाकर भाग रहे दूसरे आरोपी की तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं। आरोपियों की पहचान बंटी निवासी खड़कुआ और रवि निवासी हरिपुर हरिसिंह के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी रवि पहले भी खैर तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।