पंचकूला। सेक्टर-23 की डंपिंग ग्राउंड के समीप ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने रांग साइड से ड्राइविंग कर एक स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान जीरकपुर स्थित पीर मुच्छला के इंपीरियल गार्डन निवासी कंगना सूरी के रूप में हुई है। कंगना पंचकूला के सेक्टर-23 स्थित मोबाइल प्रोग्रामी इंडिया प्राइवेट लि. कंपनी में प्राइवेट नौकरी करती थी। 17 फरवरी को इस हादसे का पता उस समय लगा, जब एक राहगीर ने शाम करीब पौने सात बजे कंगना के पति शेरी वर्मा के मोबाइल नंबर पर कॉल कर उन्हें सड़क हादसे की सूचना दी।
कॉलर ने उन्हें बताया कि उनकी घायल पत्नी को सेक्टर-21 स्थित अलकेमिस्ट अस्पताल ले जाया गया है। फिर चंडीगढ़ के आईटी पार्क स्थित बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्यरत शेरी वर्मा तुरंत उक्त अस्पताल पहुंचे। तब तक डॉक्टर कंगना सूरी को मृत घोषित कर चुके थे। पति शेरी वर्मा को घटनास्थल पर जाकर लोगों से पता लगा कि उनकी पत्नी आईटी पार्क, सेक्टर-23 पंचकूला से डंपिंग चौक की तरफ अपनी स्कूटी नंबर पीबी13 बीएफ-3929 पर सवार थी। उसी दौरान नीले रंग की ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर चालक डंपिंग ग्राउंड पंचकूला से तेज से जा रहा था। पता लगा कि ट्रैक्टर में कई अन्य लड़के भी सवार थे। ट्रैक्टर चालक ने गलत दिशा में ड्राइविंग कर स्कूटी चालक कंगना को टक्कर मारी दी, इससे उसकी मौत हो गई। स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे को अंजाम देकर आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।