पहले दिन कम रही उपस्थिति, सिलेबस और पढ़ाई को लेकर छात्रों में दिखा उत्साह
सरकारी और निजी स्कूलों में फिर गूंजी घंटी, पहले दिन कई कक्षाओं में आधी से कम रही उपस्थिति
शिक्षकों ने सिलेबस और परीक्षा पैटर्न की दी जानकारी
संवाद समाचार एजेंसी
पंचकूला। गर्मियों की लंबी छुट्टियों के बाद बुधवार को जिले के सरकारी और निजी स्कूल खुल गए। स्कूलों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल लौट आई। पहले दिन छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन कक्षाओं में नए सिलेबस और पढ़ाई को लेकर उत्साह देखने को मिला।
पहले दिन कम पहुंचे विद्यार्थी
छुट्टियों के बाद पहले दिन अधिकांश स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही। कई कक्षाओं में आधी से भी कम सीटें भरी नजर आईं। शिक्षकों का कहना है कि छुट्टियों का असर अभी बना हुआ है और अगले दो-तीन दिनों में उपस्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
सिलेबस और परीक्षा पैटर्न की दी जानकारी
स्कूल खुलते ही शिक्षकों ने नए सत्र की पढ़ाई शुरू कर दी। विद्यार्थियों को सिलेबस, विषयों और परीक्षा पैटर्न के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्यों ने नियमित रूप से स्कूल आने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। जिला शिक्षा अधिकारी संध्या छिकारा तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की ओर से भी स्कूल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
दोस्तों से मिलकर खिले चेहरे
लंबे अवकाश के बाद दोस्तों और शिक्षकों से मिलकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने छुट्टियों के अनुभव साझा किए और नई किताबों व कॉपियों को लेकर उत्सुकता दिखाई। स्कूलों की कैंटीन और खेल मैदानों में भी रौनक लौट आई। अभिभावकों ने भी स्कूल खुलने पर संतोष जताया। उनका कहना है कि नियमित दिनचर्या शुरू होने से बच्चों की पढ़ाई फिर से पटरी पर लौट सकेगी।