चंडीगढ़। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने एक दलित युवक की लाश को शवगृह में रखने से इन्कार किए जाने के गंभीर मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर रूपनगर को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए हैं।
चेयरमैन गढ़ी ने स्पष्ट किया कि अनुसूचित जातियों से जुड़े किसी भी प्रकार के भेदभाव, लापरवाही या अमानवीय व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरे तथ्यों सहित रिपोर्ट जिम्मेदारी से पेश करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।चेयरमैन ने बताया कि इस मामले में एसडीएम और सिविल सर्जन रूपनगर को 19 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष उपस्थित होकर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
इसके अलावा गढ़ी ने श्री गुरु रविदास अध्ययन केंद्र के लिए घोषित 25 करोड़ रुपये की राशि से संबंधित वर्तमान स्थिति की भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर जालंधर को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र से संबंधित सभी रिकॉर्ड और एक्शन प्लान समेत संबंधित एडीसी के माध्यम से 26 नवंबर को सुबह 11.30 बजे तक व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।