पंचकूला। प्रदेश सरकार ने शनिवार की शाम 20 आईएएस और एक एचसीएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की है। 2017 बैच के आईएएस सतपाल शर्मा को पंचकूला के नए डीसी होंगे। इससे पहले उनकी पोस्टिंग एचएसवीपी में बतौर एडमिनिस्ट्रेटर हेडक्वार्टर थी। पंचकूला की डीसी मोनिका गुप्ता को एडमिनिस्ट्रेटर हेडक्वार्टर लगाया गया है। उन्होंने बतौर पंचकूला डीसी 6 नवंबर 2024 को ज्वाइन किया था। 10 महीने बाद उनका तबादला सरकार ने किया है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की नाराजगी की चल रही बातें
तबादले के पीछे 27 अगस्त को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता व डीसी मोनिका गुप्ता के बीच श्राइन बोर्ड की मीटिंग के दौरान हुई बहस को मुख्य कारण माना जा रहा है। इसके बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के सीनियर नेताओं को इसकी जानकारी दी थी। दरअसल, 27 अगस्त को श्राइन बोर्ड की मीटिंग थी, जिसमें डीसी देरी से पहुंचीं और मीटिंग हॉल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, प्रशासन अधिकारी व बोर्ड के मेंबर मौजूद थे। पूर्व अध्यक्ष ने डीसी से देरी का कारण पूछा तो श्राइन बोर्ड परिसर की चेकिंग का कारण बताते हुए वह अपनी सीट पर बैठ गईं। इसके बाद देरी से आने को लेकर उनके बीच बहस हुई और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मीटिंग छोड़कर चले गए।