रायपुररानी कॉलेज में एआई की भूमिका पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। राजकीय महाविद्यालय रायपुररानी के लोक प्रशासन विभाग की ओर से विद्यार्थियों को प्रशासन में आधुनिक तकनीक की उपयोगिता से परिचित कराने के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। लोक प्रशासन में एआई की भूमिका विषय पर हुई प्रतियोगिता में बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें संगम देवी ने प्रथम, प्राची ने द्वितीय और सुमन देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्राचार्य डॉ. देवेंद्र ढींगरा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता का संयोजन लोक प्रशासन विभाग की डॉ. मनदीप कौर ने किया। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. देवेंद्र ढींगरा ने कहा कि डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की जानकारी विद्यार्थियों के लिए महत्त्वपूर्ण है। ऐसी शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता और लेखन कौशल को विकसित करने में सहायक होती हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में हिंदी विभाग की डॉ. ऋतु, अंग्रेजी विभाग की डॉ. स्वाति और वाणिज्य विभाग की डॉ. पूजा शामिल रहीं। उन्होंने विषय की समझ, विचारों की स्पष्टता और लेखन शैली के आधार पर प्रतिभागियों के निबंधों का मूल्यांकन किया।