पिंजौर। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की ओर से विभिन्न दुग्ध उत्पादक डेयरी व पनीर, दूध, घी आदि बनाने वाली डेयरी में छापा मारकर सैंपल लिए गए। टीम की कार्रवाई तड़के सुबह 5 बजे से करीब 2 बजे दिन तक चली।
सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह व अजय कुमार ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार उनकी टीम ने विभिन्न डेयरियों से सैंपल भरे हैं। इलाके में नकली दूध से बनने वाले सामान पर नकेल कसने के लिए जैसे ही इलाके में रेड मारी तो कालका व पिंजौर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने सबसे पहले पिंजौर के गांव वासुदेवपुरा की कालका डेयरी से पनीर, दूध और रिफाइंड का सैंपल लिया। इसके बाद गांव लोहगढ़ की गोबिंद डेयरी से देसी घी व गांव लोहगढ़ की भाग सिंह की डेयरी से पनीर और देसी घी के सैंपल लिए। इसके बाद पिंजौर स्थित मेट्रो दूध एजेंसी से पनीर और दूध का सैंपल लिया गया।
लैब में चेक करवाया जाएगा सैंपल
सब इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि करीब चार डेयरियों से सैंपल भरे गए हैं। यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पिंजौर में सैंपल भरकर लैब में चेकिंग के लिए भेजे गए हैं। यदि इनमें कोई गड़बड़ या मिलावट पाई जाती है तो कंपनी या डेयरी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।