स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड और निफा चंडीगढ़ के सहयोग से लगा जागरूकता शिविर
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। साहिबजादों की शहादत को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड की ओर से निफा चंडीगढ़, श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं ब्लड बैंक, जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सहयोग से किया गया। रक्तदान जागरूकता शिविर में कुल 170 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर का उद्घाटन स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड के प्लांट हेड राजुल जैन, चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. जीएस पन्नू, सेफ्टी हेड सुनील कुमार और एजीएम एचआर नरेश कपिल ने किया। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि साहिबजादों की स्मृति में आयोजित इस रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेकर रक्तदान के माध्यम से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।
उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति का यह इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व है कि वह जरूरत के समय रक्तदान के लिए आगे आए। उन्होंने बताया कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
निफा चंडीगढ़ और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के डायरेक्टर रमेश नारंग और प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि सर्दी के मौसम में अस्पतालों में रक्त की कमी को देखते हुए यह रक्तदान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।