पिंजौर। रिटायर्ड कर्नल को साइबर ठगी का शिकार बनाते हुए आरोपी ने एक लाख दो हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिटायर्ड कर्नल आरके श्योरण ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी साइकिल बेचने के लिए उसकी फोटो ओएलएक्स पर अपलोड की थी। आरोपी खरीदार ने कॉल करते हुए उसकी साइकिल 3 हजार रुपये में खरीदने की बात कही। आरोपी ने खुद को बीएसएफ का जवान बताते हुए आई कार्ड की फोटो उसे व्हाट्सएप कर दी। इसके बाद उसके बताए अनुसार पैसे लेनदेन की कार्रवाई ऑनलाइन करने लगा। आरोपी ने पहले 5 रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवाए और विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने 410 रुपये उसके अकाउंट में वापस भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने झांसे में लेते हुए 2 हजार रुपये यूपीआई पिन द्वारा अपने एकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। उसने कहा कि वह 4 हजार रुपये और डाल दे तो वह आठ हजार रुपये उसके अकाउंट में वापस ट्रांसफर कर देगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उसे अपने जाल में फंसाते हुए उसके अकाउंट से एक लाख दो हजार रुपये निकाल लिए।