पेड़ के किनारे सीमेंट हटाने पर लोगों का हंगामा, बुलाई पुलिस
सेक्टर 32 की मार्केट का मामला, लोग बोले-नियमानुसार ही किया था ब्यूटीफिकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर 32 की मार्केट में वीरवार को पेड़ के किनारे से सीमेंट हटाने गए नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों का आरोप था कि पेड़ के चारों ओर जो ब्यूटीफिकेशन किया गया था वह नियम के अनुसार किया गया था। इसके बावजूद कर्मचारियों ने चबूतरा तोड़ दिया। साथ ही पेड़ की जड़ें काट दीं। गुस्साए लोगों ने तत्काल सेक्टर 34 की पुलिस को फोन करके बुलाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और कर्मचारी पेड़ की जड़ों पर फिर से मिट्टी डालकर चले गए।
सेक्टर 32 मार्केट एसोसिएशन के प्रेजिडेंट जगदीप महाजन ने बताया कि मार्केट के लोगों ने लगभग 20 हजार रुपये इकट्ठा करके पेड़ के चारों ओर ब्यूटीफिकेशन कराया था। इस दौरान हाईकोर्ट की ओर दिए गए आदेश की पूरा पालन करते हुए पेड़ के चारों ओर कच्ची जगह छोड़ी गई थी, लेकिन नगर निगम के कर्मचारियों ने बिना किसी से पूछे सीमेंट का चबूतरा तोड़ना शुरू कर दिया। साथ ही पेड़ की जड़ों को भी काटने लगे। जब लोगों ने पूछा तो कहा कि हमें अधिकारियों ने निर्देश दिया है। मार्केट के प्रेजिडेंट ने तत्काल पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया। पुलिस के आने के बाद कर्मचारियों ने पेड़ की जड़ों पर फिर से मिट्टी डाल दी। मार्केट के प्रेजिडेंट जगदीप महाजन का कहना है कि नगर निगम कहीं भी कुछ भी करे तो सही है, लेकिन आम लोग नियमानुसार भी कुछ करें तो गलत है। यह कौन सा न्याय है।
कोट
पेड़ों की जड़ों तक पानी जाए इसके लिए हाईकोर्ट के निर्देश के बाद कमिश्नर केके यादव ने भी अपने कर्मचारियों को पेड़ों के किनारे से सीमेंट हटाने के निर्देश दिए हैं। उसी के तहत काम किया जा रहा है।
- गुरप्रीत सिंह ढिल्लों, वार्ड 21, पार्षद
जो कर्मचारी वहां गए थे वह हॉर्टिकल्चर डिपार्टमेंट के नहीं हैं। सभी कर्मचारी रोड एंड बिल्डिंग डिपार्टमेंट के हैं। मुझे मिले वीडियो में पेड़ की जड़ों को कहीं नुकसान नहीं दिख रहा है।
- केपी सिंह, एसई, हॉर्टिकल्चर डिपार्टमेंट, नगर निगम