मौली चौकी के पास नाका लगाकर जांच, क्षमता से अधिक माल ले जाने वालों पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। पंचकूला-बरवाला रोड पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ आरटीओ विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों को पकड़ लिया। मौली चौकी के पास लगाए गए नाके पर मालवाहक वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक सामान ले जाते मिले।
आरटीओ टीम ने वाहनों के दस्तावेज और लदे माल की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई। अचानक हुई जांच से ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।