संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। बद्दी स्थित निजी कंपनी के अकाउंट से बिना मालिक की जानकारी के 5.40 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। बैंक अकाउंट से रुपये आठ ट्रांजेक्शन में निकाले गए। इसकी जानकारी कंपनी के मालिकों को नहीं थी। बैंक स्टेटमेंट निकालने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इसके बाद सेक्टर-12 साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-15 निवासी ताहा अशरफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गम पाउडर की कंपनी हिमाचल प्रदेश के बद्दी में है।
चार अलग-अलग बैंकों में उनके कंपनी के नाम से करंट और उनके नाम से सेविंग अकाउंट हैं। 15 दिसंबर 2023 को उन्होंने तीनों बैंकों की स्टेटमेंट निकलवाई तो चौंका देने वाला मामला सामने आया। उनके सभी अकाउंट से आठ बार ट्रांजेक्शन से 5.40 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। उन्होंने शिकायत में बताया उनके सेविंग और करंट बैंक अकाउंट में कई बार पैसे आए भी और कुछ देर के बाद अपने आप वापस भी चले गए। यह सब रिकॉर्ड उन्हें बैंक खातों के स्टेटमेंट से पता चला।