संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सीएम फ्लाइंग की टीम ने घरेलू सिलिंडरों से गैस चोरी कर आपूर्ति करने वाले एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। रविवार सुबह साढ़े नौ बजे सीएम फ्लाइंग की टीम ने सेक्टर-17 स्थित निजी स्कूल के सामने सेक्टर-11 स्थित इंदर गैस एजेंसी की गाड़ी को कब्जे में लिया।जांच के दौरान सिलिंडरों में गैस कम मिली। इसके बाद नापतौल विभाग को सूचना दी गई। गाड़ी में 47 गैस सिलिंडर थे। उनमें से 22 सिलिंडरों में गैस कम मिली। सभी सिलिंडरों में दो से तीन किलो तक गैस कम मिली। सेक्टर-14 पुलिस ने सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम के इंचार्ज राजेश कुमार की शिकायत पर इंदर गैस एजेंसी की मालकिन लिली बावा सहित कर्मचारी रवि कुमार और राम कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इससे पहले भी इंदर गैस एजेंसी की गाड़ियों में कम वजन के सिलिंडर मिलते रहे हैं।
गुप्त सूचना पर की गई रेड
सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि इंदर गैस एजेंसी के कर्मचारी मिलीभगत कर सिलिंडरों से गैस चोरी करते हैं। उसके बाद लोगों को सप्लाई करते हैं। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है। रविवार सुबह गैस एजेंसी के कर्मचारियों को सेक्टर-17 राजीव काॅलोनी में गैस की सप्लाई करने जाना था। सीएम फ्लाइंग की टीम ने गाडी को चेक किया। गाड़ी रवि कुमार चला रहा था। गाड़ी की जांच करने पर उसमें कुल 47 सिलिंडर मिले। उसमें 38 घरेलू जबकि नौ कॉमर्शियल गैस सिलिंडर थे। 22 में वजन कम था, 24 सिलिंडरों का वजन सही था। एक सिलिंडर खाली था। गाड़ी से दो लोहे के नोजल भी मिले। इससे गैस निकाली जाती थी। पुलिस की अब तक की जांच में गाड़ी चालक रवि ने बताया कि वह गैस सिलिंडरों में से गैस निकालकर सप्लाई करता है। गैस बेचने के बाद पैसों को तीन हिस्सों में बांटता है। एक हिस्सा वह खुद रखता है। दूसरा गाड़ी मालिक को देता है। तीसरा हिस्सा एजेंसी मालिक को देता है।
एजेंसी में सब ठीक मिला
सीएम फ्लाइंग की टीम एजेंसी के सेक्टर-3 स्थित गोदाम पर पहुंची और वहां भी गैस सिलिंडरों को चेक किया। वहां पर टीम को कुछ ऐसा नहीं मिला। इससे पहले भी पिंजौर में 14 मार्च को पिंजौर के कालका जी गैस सर्विस की गोदाम पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने रेड की थी। गोदाम में भरे गैस सिलिंडरों में से खाली गैस सिलेंडरों में भरकर बेचने की तैयारी थी। उसी दौरान टीम ने रेड कर एजेंसी के मालिक समेत 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।