पंचकूला। बुढ़नपुर में दिन दहाड़े कैश एजेंट से 14.81 लाख रुपये लूटने के मामले में तीसरे आरोपी को क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सौरभ मौली पिंड चंडीगढ़ निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नाई सौरभ ही इस लूट का मास्टर माइंड है। मोबाइल फोन की दुकान के सामने ही आरोपी की बार्बर शॉप है। मोबाइल शॉप पर प्रतिदिन कैश एजेंट लक्ष्मी नारायण कैश लेने आता था।
आरोपी सौरभ रोज लक्ष्मी नारायण को पैसे ले जाते देखता था। सौरभ ने तीनों के साथ लूट की प्लानिंग तैयार की। इसमें अपना हिस्सा दो लाख तय किया। आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। इस कारण सौरभ तक पैसे नहीं पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों ने इस मामले का खुलासा किया है। इसके बाद तीसरे आरोपी सौरभ को गिरफ्तार किया गया। मामले में चौथा आरोपी अभी फरार है।
यह था मामला
शिकायतकर्ता लक्ष्मी नारायण कैश एजेंट का काम करता है। तीन अक्टूबर को कैश एकत्रित करने के बाद वह अपने ऑफिस चंडीगढ़ जा रहा था। उसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर तीन लड़के आए और उस पर तेजधार हथियार से हमला कर बैग लूटकर फरार हो गए थे। बैग में 14.81 लाख रुपये थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।