संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। मोरनी-टिकरालाल मार्ग पर पिछले 10 दिनों से हरियाणा राज्य परिवहन निगम की एक बस खराब स्थिति में जंगल के बीच खड़ी है। तकनीकी खामी के कारण बस स्टार्ट नहीं हो रही है, लेकिन निगम के अधिकारियों द्वारा इसे ठीक कराने में लापरवाही बरती जा रही है। इस खराब बस के कारण मोरनी से टिक्करताल और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। खासतौर पर स्कूल जाने वाले बच्चों और दैनिक यात्रियों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। थलापुर गांव के निवासी सतपाल शर्मा ने बताया कि बस उनके घर के पास 10 दिन से खड़ी है, लेकिन हरियाणा रोडवेज ने इसे ठीक कराने के लिए कदम नहीं उठाया। उन्होंने बताया कि बुधवार को टेक्नीशियन बस ठीक करने आए थे लेकिन देर शाम तक बस को चालू नहीं किया जा सका।
स्थानीय लोग इस समस्या को लेकर निगम अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय पर बस को ठीक किया जाता तो आवागमन सामान्य बना रहता। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग से जल्द बस को ठीक कराने और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न होने देने की मांग की है। इस घटना ने रोडवेज प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।