कई दिन बाद भी मरम्मत शुरू नहीं, वाहन चालकों को कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। अलीपुर-खटौली मार्ग पर बरसाती नदी के पुल के पास तेज बहाव से सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद कई दिन बीतने के बावजूद मरम्मत शुरू नहीं हुई है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 को रायपुररानी से जोड़ने वाले इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। सड़क टूटने के कारण वाहन चालकों को रास्ता बदलकर कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान इसी स्थान पर तेज बहाव से मिट्टी बहने के कारण सड़क टूट गई थी। लोगों का आरोप है कि बार-बार सड़क क्षतिग्रस्त होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
बरसाती पानी का दबाव बढ़ने का आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के दौरान बरसाती पानी के प्राकृतिक बहाव में बदलाव किया गया। इससे पुल के पास पानी का दबाव बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि पुल और सड़क का निर्माण करते समय बरसाती पानी के बहाव को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए थी। स्थानीय प्रहलाद सैनी, राजीव, नरेश कुमार, अमर सिंह व अशोक कुमार सहित लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने और बरसाती पानी के बहाव का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में सड़क बार-बार न टूटे और लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।