सड़कों के निर्माण में बारिश बनी बाधा
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम पंचकूला एक तिहाई सड़कों का निर्माण कार्य करवा पाया है। पंचकूला के मध्यमार्ग की रीकारपेटिंग अब तक नहीं हो पाई है। कारण बारिश को माना जा रहा है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की सड़क भी उबड़ खाबड़ है। बारिश के दस्तक से सड़कों का निर्माण लटक गया है।
नगर निगम का कहना था कि बारिश के पहले ही पंचकूला की ज्यादातर सड़कों की रीकारपेटिंग कर दी जाएगी। लेकिन एक तिहाई सड़कों का निर्माण कार्य ही अब तक हो पाया है। इसके साथ ही सेक्टर-14, एमडीसी के साथ कई सड़कों का निर्माण कार्य नहीं हो पाया है।
वार्ड 9 के पार्षद सीबी गोयल का कहना है कि पंचकूला की भीतरी सड़कों की रीकारपेटिंग कर दी गई, लेकिन अब तक रोड गली की सफाई न होने से बारिश के दौरान हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं। पंचकूला के उद्यमी अरुण ग्रोवर का कहना है कि नगर निगम को सड़कों की रीकारपेटिंग का कार्य युद्धस्तर पर करवाना चाहिए, जिससे बारिश के पहले कार्य पूरा हो सके।
पंचकूला वार्ड-10 की पार्षद भावना गुप्ता का कहना है कि सड़कों की रीकारपेटिंग के साथ ही रोड गली की सफाई भी आवश्यक है। यदि इनकी सफाई समय रहते नहीं की गई तो नई बनाई गई सड़कों को नुकसान हो सकता है। पंचकूला वार्ड 14 की पार्षद लिली बावा का कहना है कि नगर निगम द्वारा सड़कों के निर्माण कार्य तो तेजी से किया जा रहा है, लेकिन इसमें आवश्यक यह है कि रोड गली को साफ किया जाए जिससे सड़कों को कोई नुकसान नहीं पहुंचे।