15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त सफर से मिली निजात, दलदली मिट्टी के कारण वाहन चालकों को अब भी सावधानी की जरूरत
बारिश और भूस्खलन से बाधित मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी से साफ कराया।
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। एक बार फिर धूप खिलने के साथ ही मोरनी से रायपुररानी जाने वाले लोगों को राहत मिली है। बारिश और भूस्खलन से पलसरा के पास बाधित हुआ मार्ग लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मशीनों की लगातार मेहनत के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इससे लोगों को 15 से 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर नहीं करना पड़ेगा। हालांकि मार्ग पर अभी मिट्टी दलदली होने के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ रही है।
रास्ता बंद होने से मोरनी क्षेत्र के लोगों को रायपुररानी पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा था। इससे उन्हें रोजाना 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा था। लंबे चक्कर के कारण लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक और शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही थी।
लोगों की परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने पलसरा के पास जेसीबी मशीनें लगाकर मार्ग से मलबा और मिट्टी हटाने का काम शुरू किया। विभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान ने मामले की निगरानी करते हुए मार्ग को जल्द साफ कर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए।
विभाग की टीम की लगातार मेहनत के बाद अब मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। मार्ग खुलने से रोजाना आने-जाने वाले स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें अनावश्यक रूप से लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
हालांकि लोगों ने विभाग से मार्ग पर बची दलदली मिट्टी और क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान दोबारा यातायात बाधित न हो, इसके लिए सड़क की स्थिति को पूरी तरह दुरुस्त किया जाना जरूरी है।