चंडीगढ़। रामदरबार में एक युवक ऋषि की हत्या के मामले में पुलिस ने भागे हुए आरोपी गुरदीप उर्फ बॉक्सर और सोनू उर्फ करेला को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक 7 युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने शनिवार को सातों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार वारदात में एक और आरोपी गौतम शामिल था जिसकी तलाश में छापे मारे जा रहे हैं। इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपू और कल्लू समेत पांच आरोपी गिरफ्तार किए थे। पुलिस ने पांचों आरोपियों का तीन दिन का रिमांड हासिल किया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने अपने कपड़े सुनसान जगह पर छिपा दिए थे, ताकि सबूत न मिल सके। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या के दौरान पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए। सेक्टर-31 थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि गुरदीप उर्फ बॉक्सर और सोनू उर्फ करेला को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।
रामदरबार फेज-2 में दोस्तों के साथ पार्क में बैठा था ऋषि
पुलिस के अनुसार 28 अक्तूबर की शाम ऋषि अपने दोस्तों विनय और अंकित के साथ रामदरबार फेज-2 के एक पार्क में बैठा था। तभी वाशू, सोनू उर्फ करेला, गुरी, गौतम, कल्लू, दीपू, ननू, सौरव उर्फ बच्ची और उनके कुछ साथी वहां पहुंचे। उन्होंने ऋषि को घेर लिया और वंश माड़ीवाला के बारे में पूछने लगे। जब ऋषि ने अंजान होने की बात कही तो दीपू और कल्लू ने गाली-गलौच करते हुए चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस से अनुसार आरोपियों का असली निशाना वंश था जिससे उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। बदला लेने की नीयत से आरोपी वंश की तलाश में निकले थे।