रायपुररानी। कस्बे में आईटीआई के पास बिना नंबर की बाइक पर आए दो युवकों ने एक पांच साल के बच्चे को टक्कर मार दी। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर पीछे गुर्जर लिखा हुआ है। पुलिस युवकों की पहचान करने में विवरण मददगार मान रही है।
घायल बच्चे की पहचान आयुष उर्फ हिमांशु पुत्र अंगद निवासी बिहार के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर राहगीर इकट्ठा हो गए। परिजन राहगीरों की सहायता से बच्चे को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाए। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद पंचकूला के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रायपुररानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिना नंबर की प्लेटिना बाइक को जब्त कर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।