चंडीगढ़। भारत में दस्तक दे चुके कोरोना वायरस से निपटने के लिए चंडीगढ़ पूरी तरह से तैयार है। मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय में कोरोना वायरस को लेकर एक रिव्यू बैठक हुई। बैठक में हेल्थ सेक्रेटरी अरुण कुमार गुप्ता ने शहर के चिकित्सा अधिकारियों से कोरोना वायरस के बचाव, नियंत्रण और जांच सुविधाओं को लेकर चर्चा की। साथ ही एक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए केंद्र सरकार को भी तैयारियों की जानकारी दी गई।
अमर उजाला से बात करते हुए हेल्थ सेक्रेटरी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़ में कोरोना वायरस का कोई असर नहीं है। लोगों को किसी भी तरह की घबराने की कोई बात नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में आपातकालीन स्थिति के लिए तीन आईसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं। ये वार्ड पीजीआई, जीएमएसएच-16 और जीएमसीएच-32 में तैयार किए गए हैं। लोग सुरक्षा के मद्देनजर कुछ सावधानियां बरत सकते हैं। इनमें नियमित तौर पर हाथ धोएं, लोगों से उचित दूरी बनाकर रखें, नाक, मुंह और आंखों को बार-बार न छूएं, छींकते वक्त टिशू का इस्तेमाल करें और बुखार, खांसी-जुकाम को हल्के में न लें।