पिंजौर-कालका में वारदातों को दे रहे थे अंजाम, पुलिस ने बाइक समेत दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर और कालका क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को क्राइम ब्रांच-19 ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अप्रैल में जमानत पर जेल से बाहर आए थे और बाहर आते ही फिर से स्नैचिंग की घटनाओं में सक्रिय हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई यामाहा मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
12 मई को पिंजौर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह शाम के समय अपने पति के साथ सैर कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उनकी गर्दन से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर 20 मई को सुखोमाजरी-पिंजौर पुल के नीचे से आरोपी अशोक कुमार निवासी भैंसा टिब्बा, एमडीसी पंचकूला और नितिन उर्फ मोनू निवासी गांव टिपरा, कालका को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पिंजौर और कालका क्षेत्र में कई स्नैचिंग वारदातों और प्रयासों में शामिल रहे हैं। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि मई माह के दौरान आरोपियों ने चार बार स्नैचिंग या स्नैचिंग के प्रयास किए, जिनमें एक मामले में वे सफल रहे। पुलिस अब उनसे पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नितिन उर्फ मोनू के खिलाफ आम्र्स एक्ट, वाहन चोरी, हत्या के प्रयास और स्नैचिंग जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं अशोक कुमार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज है और वह हाईवे लूटकांड में भी शामिल रहा है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान छीनी गई सोने की चेन, नकदी और अन्य सबूतों की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है।