गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जांच करती पुलिस। संवाद
पंचकूला। गणतंत्र दिवस पर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। पुलिस कमिश्नर राकेश कुमार आर्य और पुलिस उपायुक्त अपराध एवं यातायात मुकेश मल्होत्रा ने मंगलवार को महत्वपूर्ण स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला न्यायालय परिसर सहित संवेदनशील स्थानों की व्यापक जांच की गई। मंगवार को स्निफर डॉग्स और एंटी सबोटाज टीम के साथ जिला न्यायालय परिसर का गहनता से निरीक्षण किया गया। परिसर के हर कोने, कार्यालयों, वाहनों और सार्वजनिक स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई।
इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पूरे नेटवर्क को सक्रिय रखा गया। शहर के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए वाहनों की चेकिंग भी तेज कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नर राकेश कुमार आर्य ने लोगों से अपील की है कि वे पुलिस का सहयोग करें और यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत सूचित करें।