पंचकूला। त्योहारी सीजन में दुकानदारों ने जमकर मिलावट की है। इसमें लोग मिलावटी मिठाइयां भी खा गए। अब मिलावट को रोकने के लिए हरियाणा खाद्य एवं औषधि विभाग की ओर से टेस्टिंग लैब की रिपोर्ट 15 दिन में देने का प्लान बनाया गया है। हरियाणा खाद्य एवं औषधि विभाग की ओर त्योहारी सीजन में सितंबर से नवंबर तक 88 सैंपल लिए गए।
इसमें 20 सैंपल फेल पाए गए हैं। इसमें अधिकतर दुकानदारों के खोया, पेड़ा, बर्फी और दूूध में मिलावट पाई गई। मिलावट को रोकने के लिए विभाग की ओर से प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए चेकिंग बढ़ाई जाए जिससे कि मिलावटी मिठाइयां बाजार में नहीं बिक सकें। अगर दुकानदार इन्हें बेचेगा तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा खाद्य एवं औषधि विभाग में तैनात हरियाणा ज्वाइंट फूड कमिश्नर के पद पर तैनात डीके शर्मा ने बताया कि अब विभाग की ओर से प्लान तैयार किया जा रहा है कि दुकानदारों के लिए गए सैंपल की रिपोर्ट 15 दिन के अंदर आ जाए। इसके लिए सैंपल की रिपोर्ट और लैब को और अपडेट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्यौहारी सीजन के अलावा अन्य सीजन पर विभाग की ओर से लगातार चेकिंग की जा रही है।
पहले दुकानदारों के लिए गए सैंपल विश्लेषण के लिए करनाल भेजे जा रहे थे। इसमें रिपोर्ट 45 दिन के भीतर आ रही थी। अब विभाग की ओर से चंडीगढ़ स्थित लैब में सैंपल भेजा जाएगा जिससे कि रिपोर्ट 15 दिन में आ सके और मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं विभाग की ओर से शहर के मिठाइयों सहित डेयरी और मिठाई बनाने वाली कंपनियों की जांच भी अधिक की जाएगी जिससे कि मिलावट को रोका जा सके।