डेढ़ महीने से बंद था पुल, जालनुमा पत्थरों से मजबूत किया जा रहा क्षतिग्रस्त हिस्सा
पीडब्ल्यूडी ठेकेदार सुखविंदर सिंह के अनुसार वीरवार तक काम पूरा कर पुल यातायात के लिए खोल दिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। अलीपुर खटौली मार्ग पर क्षतिग्रस्त नदी पुल की मरम्मत का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब डेढ़ महीने से पुल पर बंद आवाजाही जल्द शुरू होने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी विभाग के ठेकेदार सुखविंदर सिंह के अनुसार वीरवार तक मरम्मत का काम पूरा कर पुल को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
पिछले दिनों बरसात के दौरान नदी में तेज बहाव आने से पुल को जोड़ने वाले सिरे के नीचे की मिट्टी बह गई थी। इससे पुल का सिरा क्षतिग्रस्त हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर पुल से आवाजाही बंद कर दी गई थी। इसके कारण ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ठेकेदार सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुल की मरम्मत में जालनुमा पत्थरों के डंके लगाकर क्षतिग्रस्त हिस्से को मजबूती दी गई है। पुल को जोड़ने वाली अकरोचमेंट में भी जालनुमा पत्थरों का बेड तैयार किया गया है, ताकि संरचना को मजबूती मिल सके। उन्होंने बताया कि वीरवार तक काम पूरा होने के बाद पुल को आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।