बच्चों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन ने शुरू की तैयारी
सरकारी स्कूलों व अन्य भवनों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित किए जाएंगे केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। जिले में किराये पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में उपायुक्त सतपाल शर्मा की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, नगर निगम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान किराये पर चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी स्कूलों और अन्य उपलब्ध सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा सामुदायिक भवनों में संचालित केंद्रों की मरम्मत और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि किराये पर संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की अद्यतन सूची संबंधित विभागों के साथ साझा की जाए। इसके आधार पर उपलब्ध सरकारी भवनों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से केंद्रों को वहां स्थानांतरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई करें।