कई नोटिस देने के बाद भी रेंट न जमा कराने वालों के खिलाफ चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) अब कार्रवाई के मूड में है। सीएचबी ने स्मॉल फ्लैट्स स्कीम के तहत रेंट जमा न करवाने वाले करीब 12 हजार डिफाल्टरों की लिस्ट जारी की है।
अभी भी रेंट डिफाल्टरों से 20.48 करोड़ रुपये की रिकवरी करनी बाकी है। इसके लिए डिफाल्टरों को जल्द रेंट जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं, नहीं तो अलॉटमेंट कैंसिल करने की भी चेतावनी दी गई है। बोर्ड की ओर से सभी डिफाल्टरों को बकाया राशि क्लीयर करने का आखिरी मौका दिया गया है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
डिफाल्टरों को फिर से नोटिस भेजेगा सीएचबी
सीएचबी के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में स्मॉल फ्लैट्स स्कीम के अंडर डिफाल्टरों का पता लगाने के लिए रिकार्ड चेक किया था, जिसमें सामने आया है कि अभी भी 20.48 करोड़ रुपये से ऊपर की रिकवरी बाकी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इन डिफाल्टरों को फिर से नोटिस भेजने शुरू कर दिए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभाग को निर्देश दे दिया गया है। बता दें कि इससे पहले बोर्ड ने सभी कॉलोनियों ने रेंट रिकवरी के लिए स्पैशल कैंप लगाए थे।
इन कैंपों से ही बोर्ड ने 10 करोड़ रुपये की रिकवरी की थी। इसके अलावा विभाग ने 250 के करीब डिफाल्टरों की सूची तैयार करके अलॉटमेंट कैंसिल करने के लिए भी भेजी गई थी, क्योंकि इन डिफाल्टरों ने कई बार मौका देने के बाद भी राशि जमा नहीं करवाई थी। इसके बाद कुछ डिफाल्टरों को अलॉटमेंट कैंसिल करने के नोटिस भी भेज दिए गए थे। स्कीम के अंदर फ्लैट्स का रेंट काफी कम है, लेकिन बावजूद इसके अधिकतम अलॉटी अपना रेंट जमा नहीं करवाते है।
धनास में सबसे ज्यादा डिफाल्टर
सीएचबी ने अभी जो लिस्ट जारी की हैं, उनमें 12 हजार के करीब डिफाल्टर शामिल हैं। इस लिस्ट में धनास में 7192, राम दरबार में 527, सेक्टर-49 में 897, सेक्टर-38वैस्ट में 956, मौलीजागरां में 1171, सेक्टर-56 पलसौरा में 787 और इंडस्ट्रियल एरिया में 85 के करीब डिफाल्टर सामने आए हैं। इनमें से सभी को अलग-अलग वर्षों के दौरान बोर्ड की ओर से अलॉटमेंट की गई है।
बोर्ड ने स्कीम के तहत कई सेक्टरों में इन फ्लैट का निर्माण करवाया है। बोर्ड ने इन डिफाल्टरों का रिकार्ड भी ऑनलाइन कर दिया है, जिससे डिफाल्टर ऑनलाइन रेंट जमा करवा सकते हैं। इससे बोर्ड के पास रिकार्ड भी उपलब्ध रहता है। इससे अलॉटी भी घर बैठे ही अपनी बकाया राशि चेक कर सकते हैं, जिसके चलते उन्हें सीएचबी ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
14 अक्तूबर को 10 मकानों की अलॉटमेंट हुई थी कैंसिल
कई साल से रेंट जमा नहीं कराने वालों पर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने 14 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की थी। लगातार कई नोटिस देने के बाद भी रेंट नहीं जमा कराने वाले 9 लोगों के मकान की अलॉटमेंट सीएचबी ने कैंसिल कर दी। शहर के विभिन्न हिस्सों में स्मॉल फ्लैट स्कीम के तहत इन लोगों को मकान मिले थे। इन अलॉटियों को कई बार अपनी बकाया राशि जमा करवाने के लिए समय दिया गया, लेकिन बावजूद इसके इन्होंने रेंट जमा नहीं करवाया था।