पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की इंफोर्समेंट टीम की ओर से वीरवार को शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। टीम ने शहर के सेक्टर-6, 7 और 9 की मार्केट से अतिक्रमण हटाया और एमडीसी सेक्टर-4 से करीब 20 झुग्गियां हटाई। टीम का नेतृत्व जेई हरजीत सिंह ने किया। हरजीत सिंह ने बताया कि एचएसवीपी की ओर से लगातार बाजारों में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वीरवार शाम को टीम सेक्टर-6, 7 और 9 में पहुंची। वहां दुकानदारों ने बरामदों में सामान रखा हुआ था। टीम ने वहां जाकर दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके अलावा कई जगह पर वीटा बूथों में किरयाने का सामान बेचा जा रहा था। उनका भी सामान जब्त किया गया। इसके बाद टीम एमडीसी सेक्टर-4 पहुंची। वहां पर टीम ने करीब 20 झुग्गियों को हटाकर अतिक्रमण करने वालों को खदेड़ा और दोबारा झुग्गी लगाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।