पंचकूला। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की वजह से माजरी चौक पर वीरवार को तीन घंटे भीषण जाम लगा रहा। श्रद्धालुओं के डीजे लदे वाहनों से लेकर अन्य भारी वाहन एक ही रास्ते से गुजरे तो बेला बिस्टा से माजरी चौक और माजरी चौक से नाडा साहिब गुरुद्वारे को जाने वाले मार्ग तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। दरसअल, चंडीगढ़, पंचकूला के कई इलाकों से गणेश विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं के अलग-अलग जत्थे माजरी चौक के रास्ते घग्गर पुल पर पहुंचे। इनमें भारी भरकम डीजे से लदे हुए कई वाहन शामिल थे तो श्रद्धालुओं की कारें व अन्य वाहन भी थे। ऐसे में शाम साढ़े चार बजे से ही घग्गर पुल पर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने के लिए जूझती दिखी पर बिना पूर्व तैयारी के कवायद बेनतीजा रही।