चंडीगढ़। सेक्टर-53 में 492 फ्लैट की स्कीम के लिए चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड को आवेदन नहीं मिल रहा है। हाउसिंग बोर्ड ने दो बार दाम भी घटा दिए। ढाई महीने से ज्यादा का समय भी बीत चुका है, लेकिन अभी तक सिर्फ 161 लोगों ने ही आवेदन किया है। लोगों की कम रुचि को देखते हुए सेक्टर-53 में फ्लैट्स बनाए जाएंगे या नहीं, इसका फैसला सीएचबी की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में होगा।
स्कीम को लेकर बोर्ड दोबारा डिमांड सर्वे करा रहा है, लेकिन अब तक कोई खास उत्साह नहीं दिख रहा है। पिछली बार हुए डिमांड सर्वे में 148 लोगों ने फ्लैट खरीदने को आवेदन किया था, वहीं अब तक कुल 161 लोगों का आवेदन हो सका है, यानी बढ़ी हुई तारीख में भी केवल 13 आवेदन ही आए हैं। यह हाल तब है, जब सीएचबी ने फ्लैट के दाम भी कुछ कम कर दिए हैं। सेक्टर-53 में फ्लैट बनाए जाने की योजना में सीएचबी काफी समय से काम कर रहा है। इसे लेकर पहले तो ब्रोशर तक बनाए दिए गए थे, लेकिन फ्लैट के दाम अधिक होने के चलते इस स्कीम को लांच नहीं किया गया। इसके बोर्ड ने डिमांड सर्वे कराए जाने पर मुहर लगाई। 25 अक्तूबर से चले डिमांड सर्वे में एक जनवरी 2020 तक 148 लोगों ने ही आवेदन किया। इसके बाद हुई बोर्ड बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई और आवेदन की तारीख को बढ़ा दिया गया।
थ्री बीएचके फ्लैट के लिए सबसे ज्यादा आवेदन
सीएचबी के आंकड़े के मुताबिक सेक्टर-53 में फ्लैट खरीदने के लिए 17 फरवरी तक 161 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से सबसे ज्यादा 84 आवेदन थ्री बीएचके फ्लैट के लिए आए हैं। इसके बाद ईडब्ल्यूएस फ्लैट के लिए 35 लोगों ने आवेदन किया है। टू बीएचके फ्लैट के लिए 31 और वन बीएचके फ्लैट के लिए 11 लोगों ने आवेदन किया है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 23 फरवरी है।