पंचकूला के कालका में पुलिस ने एक रेस्टोरेंट में रेड की। द डिवाइन वंस इन नेचर नाम के रेस्टोरेंट में रेव पार्टी चल रही थी। जब पुलिस टीम रेस्टोरेंट में पहुंची तो हड़कंप मच गया। वहां करीब 68 लोग मौजूद थे, जो अलग-अलग टेबल में बैठे हुए थे। इनमें ज्यादातर युवक-युवतियां हैं।
डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला की टीम ने 61 व्यक्तियों को पकड़ा है। जांच के दौरान सामने आया कि रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों को बिना परमिट की महंगी शराब परोसी जा रही थी। मौके से 100 पाइपर की 22 बोतलें, 12 गड्डी ताश, 200 मिट्टियां और कुल 3 लाख 69 हजार रुपये कैश बरामद हुआ है। इसके अलावा एक लैपटॉप, डीजे मिक्सर और एक बड़ा स्पीकर भी मिला है। पुलिस ने सारा सामान कब्जे में ले लिया है।
इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली कि कालका के गांव बाड़ में बने ‘द डिवाइन वन्स इन नेचर’ होटल कम रेस्टोरेंट में कसीनो पार्टी चल रही है। इसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शराब के सेवन के साथ जुआ भी खेल रहे हैं। इसके बाद इन्चार्ज एंटी नारकोटिक्स सेल उप निरीक्षक भीम सिंह, इंचार्ज क्राइम ब्रांच और सेक्टर-26 इंस्पेक्टर दलीप सिंह की टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करते छापा मारा। रेस्टोरेंट के हॉल में तेज म्यूजिक पर युवतियां नाच रही थी। कुछ लड़के शराब के सेवन कर रहे थे। इसके अलावा कुछ युवक-युवतियां जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने सभी से नाम-पता पूछा जिसमें सामने आया कि पार्टी में शामिल युवक-युवतियां हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और नेपाल के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि यह पार्टी देवेन्द्र कुमार उर्फ कालू मलिक ने अपने साथी संदीप शर्मा उर्फ सैंडी, सोहल खान, रिक्की नन्दा, मनीष शर्मा उर्फ मोनू वासियान निवासी कुरुक्षेत्र, बंटी निवासी करनाल, रेस्टोरेंट के मालिक रतन बंसल निवासी पंचकूला, मैनेजर राजेन्द्र निवासी जींद के साथ मिलकर आयोजित की थी। कसीनो पार्टी में शराब परोसने व जुआ (फैल्स गेम) की व्यवस्था की थी। रेस्टोरेंट मालिक के पास शराब परोसने, जुआ खिलवाने और कसीनो पार्टी को लेकर कोई लाइसेंस व परमिट नहीं था। तलाशी के दौरान 22 बोतल अंग्रेजी शराब, 12 गड्डी ताश, 3,69,000 कैश बरामद हुआ। इसके अलावा रेस्टोरेंट की पार्किंग में पार्किंग से 20 गाड़ियां मिली हैं। रेव पार्टी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ पुलिस स्टेशन कालका में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।