जीरकपुर। क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने के एक मामले में परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। पीड़िता की मां रशीदन ने शनिवार को पत्रकारवार्ता में आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाले इमरान ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया, लेकिन शिकायत के बावजूद पांच माह बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। पीड़िता की मां ने बताया कि वह मूल रूप से जिला संभल उत्तर-प्रदेश की निवासी हैं। वर्तमान में अपने परिवार के साथ जीरकपुर में रह रही है। घटना के बाद उन्होंने 6 अगस्त 2025 को थाना जीरकपुर में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बाद भी परिवार को कई दिनों तक थाने के चक्कर काटने पड़े।
कोई कार्रवाई न करने पर जब दबाव बनाया गया तब 21 अगस्त 2025 को मामला दर्ज किया गया। परिवार का आरोप है कि केस दर्ज होने के बावजूद न तो आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न ही जांच में कोई तेजी दिखाई गई। पीड़िता की मां का यह भी कहना है कि आरोपी के पिता असलम और भाई अशरफ लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार भय और तनाव में जीने को मजबूर है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जांच अधिकारी लाभ सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापा मारा जा रहा है। आरोपी घटना के बाद उत्तर-प्रदेश भाग गया है। उसका मोबाइल नंबर भी ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।