चंडीगढ़। पंजाब में सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना रंगला पंजाब की अब हर सप्ताह जिलों के डीसी समीक्षा करेंगे। सूबे के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बैठक के दौरान उन्हें यह निर्देश दिया है।
मंत्री ने अफसरों को पहले चरण के कार्यों के सत्यापित बिल और उपयोगिता प्रमाण पत्र भी तुरंत निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को पहले चरण के बाकी बचे विकास कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है।
बैठक में पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और अतिरिक्त मुख्य सचिव जसप्रीत तलवाड़ भी उपस्थित रहे। इस दौरान वित्त मंत्री ने स्कीम के दूसरे चरण को शुरू करने के लिए निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की और इस बात पर जोर दिया कि डिप्टी कमिश्नर यह सुनिश्चित करें कि दूसरे चरण के सभी कार्य तय समय के भीतर शुरू और पूरे किए जाएं।
जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वित्त मंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों को मई के अंत तक दो विस्तृत रिपोर्टें प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहली रिपोर्ट में उन कारणों का स्पष्ट विवरण होना चाहिए जिनके कारण पहले चरण के कार्य 31 मई तक पूरे नहीं हो सके। दूसरी रिपोर्ट में आने वाले दूसरे चरण के विकास प्रोजेक्टों को पूरा करने के लिए एक व्यापक योजना और समय सीमा का खाका प्रस्तुत करना होगा।
सख्त निगरानी की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर कार्यों की गति बढ़ाने के लिए हर सप्ताह प्रोजेक्टों की समीक्षा करें।