श्री रामलीला युवा मंच ने रामलीला आयोजन का ध्वजारोहण और भूमि पूजन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। श्री रामलीला युवा मंच सेक्टर-4 ने इस साल की रामलीला का उद्घाटन ध्वजारोहण और भूमि पूजन के साथ किया। कार्यक्रम यवनिका ओपन थिएटर सेक्टर-5 में सम्पन्न हुआ। रामलीला का मंचन 30 सितंबर से 15 अक्तूबर तक सेक्टर-5 यवनिका ओपन थिएटर में किया जाएगा।
श्री राम लीला युवा मंच के प्रधान धर्मपाल शर्मा ने बताया कि इस बार रामलीला में राम और रावण का युद्ध हवा में होगा। इसके अलावा 35 फुट की ताड़का का रोल भी दिखाया जाएगा। इस बार पर्दों की जगह बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी जिसमें रामायण के युद्ध दिखाए जाएंगे।
प्रधान धर्मपाल शर्मा ने बताया कि रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और ध्वजारोहण किया गया। यह रामलीला के आरंभ का प्रतीक है। इस कार्यक्रम में विशेष अतिथियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने भगवान श्री राम के जयकारों के साथ इस अनुष्ठान का स्वागत किया।
श्री रामलीला युवा मंच ने इस साल भी रामलीला के भव्य आयोजन का आश्वासन दिया। सभी नागरिकों से इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम का समापन जय श्री राम के जयकारों के साथ हुआ।
ट्राईसिटी रामलीला प्रतियोगिता भी होगी
13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक ट्राईसिटी रामलीला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता श्री राम संयुक्त महासभा पंचकूला की ओर से करवाई जाएगी। यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और एकता का संदेश भी प्रसारित करेगा।