रायपुररानी। लॉकडाउन के 23 दिन बाद सोमवार को रायपुररानी का पूरा बाजार सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खुला रहा। इस पर सभी दुकानदारों ने प्रशासन और सरकार का आभार जताया। दुकानदारों ने कोविड नियमों के मुताबिक बिना मास्क ग्राहकों के लिए साइन बोर्ड लगा जागरूक भी किया।
व्यापार मंच के स्थानीय प्रधान राजेंद्र गोयल, कपड़ा व्यापारी देवराज बंटा व प्रदीप छाबड़ा, हिसम सिंह व पवन पराशर हलवाई, स्वर्णकार संघ से गुलशन व अजय वर्मा, इलेक्ट्रिशियन गुरप्रीत सरदार व बोबी, इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी महेश सैनी व विशु वजीर, मनियारी दुकानदार जितेंद्र मोहन अग्रवाल व अंकुर, विशाल बारी, सतीश वालिया ने बताया कि पिछले कई दिनों से दुकानदारों की मांग थी कि सभी ट्रेड के दुकानदारों को भी कुछ समय दुकानें खोलने की इजाजत दी जाए। इसे अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस कारण समस्या का समाधान संभव हुआ।
कस्बा में लागू नहीं हो सकते थे ऑड-ईवन के आदेश
रायपुररानी थाना प्रभारी यशदीप सिंह व घटना कमांडर अजमेर सिंह ने बताया कि प्रशासन से जारी हुए ऑड-ईवन के आदेश कस्बा स्तर पर सुचारू नहीं हो सकते थे इसलिए यह निर्णय लिया गया। वहीं, कृषि उत्पादों व खाद बीज की दुकानों को सांय पांच बजे व सभी कलीनिक, लेबोरेट्री, दूध डेयरी, सब्जी, केमिस्ट, चिकन व अंडा शॉप सांय सात बजे तक खुली रख सकते हैं। बाजार व दुकानों में ज्यादा भीड़ होने, बिना मास्क व कोविड नियमों की पालना न करने पर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।