माई सिटी रिपोर्टरपंचकूला। बलटाना के हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) के लिए यूटी प्रशासन एक सप्ताह में भूमि अधिग्रहण करेगा। इस परियोजना पर 5 कैनाल 9 मरला भूमि का अधिग्रहण होना है। इसकी तैयारी प्रशासन ने कर ली है। यह निर्णय सोमवार को प्रशासन के आला अधिकारियों की बैठक में लिया गया है। चंडीगढ़ उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि हाल ही में उत्तर रेलवे ने परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए ई-निविदा आमंत्रित किया है। 28 अप्रैल दोपहर तीन बजे तक इसका टेंडर खुलेगा। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में करीब 4 करोड़ 94 लाख 30 हजार रुपये लगेंगे।
बीस साल से 35 कॉलोनियों के लोग परेशान
करीब 23 साल से बलटाना की 35 कॉलोनियों के लोगों को इसी फाटक पर खड़े रहकर ट्रेन के गुजरने का इंतजार करना पड़ता है। अब दो रेलवे ट्रैक बनने के बाद से यहां से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ने से करीब आधे या एक घंटे के बाद यह फाटक 15-20 मिनट के लिए बंद हो जाता है। लोग यहां अधिकांश समय ट्रैफिक जाम में फंसे रह जाते हैं। इससे लोगों को बार-बार बारिश और धूप में फाटक पर ही खड़े रहना पड़ता है। बलटाना के हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर बनने वाले आरयूबी के प्रोजेक्ट को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन सुस्ती के कारण पिछले कई साल से प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ पाया था।
31 जनवरी 2020 को मजूरी के लिए भेजा
26 जून 2017 को लोगों ने हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने की मांग राज्यपाल से की थी। इस प्रोजेक्ट ने दो साल बाद 2019 में रफ्तार पकड़ी, जब लोग सड़कों पर उतरे और कई दिनों तक भूख हड़ताल कर प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद यूटी के प्रशासनिक अधिकारियों ने काम में तेजी लाकर बलटाना के रेलवे फाटक पर रेलवे अंडर पास बनाने की कवायद शुरू की। जब सब कुछ तय हो गया तो यूटी के अधिकारियों ने रेलवे अंडरपास का नक्शा बनाकर अंबाला डीआरएम ऑफिस के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को बजट के अप्रूवल के लिए 31 जनवरी 2020 को फाइल भेजी थी।