संवाद न्यूज एजेंसीपिंजौर। रेलवे ने कालका तहसील के अंतर्गत 21 गांवों की भूमि चंडीगढ़ बद्दी रेलवे लाइन के लिए अधिग्रहित की है। उसी मामले में रेलवे ने अधिसूचना जारी कर कमिश्नर अंबाला डिविजन को आर्बिट्रेटर नियुक्त किया है। हरियाणा किसान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन विजय बंसल ने बताया कि रेलवे ने जिला पंचकूला के तहसील कालका में जमीन अधिग्रहित की है। किसान दिए मुआवजे से असंतुष्ट थे। उसमें बढ़ोतरी के लिए रेलवे द्वारा कोई आर्बिट्रेटर अथॉरिटी नियुक्त नहीं की गई थी। उन्होंने इस मामले में केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र भेजकर जल्द इस मामले में कार्यवाही करने की मांग की थी। अब रेलवे ने अधिसूचना जारी करके कमिश्नर अंबाला डिविजन को आर्बिट्रेटर नियुक्त कर दिया गया है। विजय बंसल ने बताया कि उत्तर रेल द्वारा चंडीगढ़ बद्दी रेलवे लाइन के लिए रेलवे अधिनियम के तहत जमीन का अधिग्रहण किया गया था। भूमि अधिग्रहण में इलाके के किसानों को जिला राजस्व अधिकारी अंबाला ने बहुत कम मुआवजा दिया है, इसके लिए अवार्ड 11 नवंबर 2021 एवं 12 मार्च 2021 को कालका में सुनाया गया था। विजय बंसल ने बताया कि किसानों को केवल 45 लाख प्रति एकड़ से ढाई करोड़ प्रति एकड़ तक ही मुआवजे के लिए सीमित करना किसानों के हकों के खिलाफ है। उन्हें सुनवाई का भी मौका नहीं दिया जाना मौलिक अधिकारों के खिलाफ है।