रामगढ़ व मट्टावाला में कार्रवाई, बच्चों को बाल निकेतन भेजा गया
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन अभियान के तहत रामगढ़ और मट्टावाला क्षेत्रों में छापेमारी कर चार बच्चों को मुक्त कराया गया। ये बच्चे विभिन्न प्रतिष्ठानों पर काम करते मिले।
रामगढ़ पुलिस चौकी में डीडीआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसके बाद बच्चों का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया।
औपचारिकताएं पूरी होने पर बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां उनकी काउंसलिंग की गई। बाद में सभी बच्चों को बाल निकेतन भेज दिया गया, जहां उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सह सचिव व सीजेएम अजय कुमार घनघस ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल श्रम के मामलों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।