अनिल जखौली और शुभम गुर्जर रहे स्टार खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के तत्वाधान में राजकीय महाविद्यालय बरवाला द्वारा आयोजित चतुर्थ अंतर विभागीय राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की टीमों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
पहले मुकाबले में पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम ने विटा विभाग को 8 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विटा की टीम 17 ओवर में 112 रन पर ऑल आउट हो गई। दिनेश ने 28 रन बनाए। पीडब्ल्यूडी के अनिल जखौली ने चार ओवर में 16 रन देकर 5 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए पीडब्ल्यूडी की टीम ने 13.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। हैरी ने 42 गेंद में 54 और प्रिंस ने 19 गेंद में 27 रन बनाए। अनिल जखौली को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
दूसरे मुकाबले में सिंचाई विभाग पंचकूला ने हरियाणा सिविल सचिवालय की टीम को 33 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंचाई विभाग ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाए। शुभम गुर्जर ने 45 गेंदों में 64 रन, विजय और विजय वीर सिंह ने 36-36 रन, जबकि अजय खोखर ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली। जवाब में हरियाणा सिविल सचिवालय की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन ही बना सकी। सिंचाई विभाग की ओर से अनूप कौशिक और जैज़ी ने 3-3 विकेट लिए, जबकि शुभम गुर्जर ने 2 विकेट झटके। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शुभम गुर्जर को मैच का प्रमुख खिलाड़ी घोषित किया गया।