पंचकूला। सेक्टर-20 मार्केट से दूध लेकर घर आ रही महिला का एक्टिवा सवार दो युवकों ने पर्स छीन लिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-20 थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-20 निवासी संगीता नागपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार की शाम करीब 7 बजे वह अपनी सोसाइटी से सेक्टर-20 की मार्केट स्थित वीटा बूथ दूध लेने गई थी। दूध लेकर जैसे ही वह जीएच-71 के सामने पहुंचे कि एक्टिवा पर सवार दो युवक पीछे से आए और महिला के हाथ से पर्स छीन लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि लड़कों ने जैकेट पहना हुआ था और सिर भी ढ़का हुआ था। अंधेरे के कारण उसे एक्टिवा का नंबर नजर नहीं आया। आरोपी स्नैचर वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर स्थानीय पुलिस की टीम पहुंची और महिला से बयान लिए। महिला ने बताया कि उसके पर्स में मोबाइल, तीन हजार रुपये कैश के अलावा कई दस्तावेज थे। पुलिस अब वारदात जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके। ब्यूरो