चंडीगढ़। कांग्रेस नेता व फिरोजपुर से पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने पंजाब सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा को घटाने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को दो अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करवाने का आदेश दिया है।
याचिका दाखिल करते हुए परमिंदर सिंह ने कहा कि वह फिरोजपुर से दो बार विधायक रह चुके हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के करीबी रहे हैं और अभी भी उनके परिवार के संपर्क में हैं। उनको लगातार आतंकियों से धमकियां मिलती रहती हैं ऐसे में उन्हें जान का खतरा है। अभी तक उन्हें पंजाब पुलिस के 28 सुरक्षाकर्मी और कार मिली थी। पंजाब सरकार ने बीते दिनों कई लोगों की सुरक्षा में कटौती की है। इस दौरान याची की पूरी सुरक्षा छीनकर केवल दो गनमैन दिए हैं। याची ने कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाता हैं ऐसे में उसको बेहद खतरा है।